मंगलवार, 28 सितंबर 2010

मौका बन बधाई का .....


गीत को स्‍वर

आपका जब मिलता है

तो वह महकने लगता है,

तारीख गवाह हो आपके जन्‍म की

तो वह भी

यादों में सजने लगती है

मौका बन बधाई का

लबो पे मचलने लगती है

यूं ही आप देती रहें

बरसों बरस

गीतों को आवाज

बजकर एक स्‍वर में

यही कह रहें हैं साज ।

ये शब्‍द यूं ही आज आदरणीय लता जी के जन्‍मदिवस पर शुभकामना बन कागज पर सजीव हो उठे, इन्‍हें जरूरत है आपके आशीर्वाद की .........

शुक्रवार, 24 सितंबर 2010

वक्‍त की चाल .....


मुहब्‍बत की गलियों में तो

सड़के बेवफाई की ज्‍यादा हैं ।

समझे कैसे वक्‍त की चाल,

बशर तो बस एक प्‍यादा है ।

लगाये फिरते इक मुखौटा,

गहरी चोट का जो इरादा है ।

तन जो मन से जुदा हुआ,

फिर इक लिबास सादा है ।

गुरुवार, 19 अगस्त 2010

किनारों पर ....







ढूंढा करती हैं तुझको अब भी जाती हुई

सूरज की किरणें नदिया के किनारों पर ।

पत्‍थर वो नदी के सूने हैं जिन पर बैठ,

रखते थे निगाह आती जाती धारों पर ।

नहीं मिलते बचपन के साथी कोई यहां,

रहते थे यहां जो बारिश की बौछारों पर ।


सोमवार, 5 जुलाई 2010

दुआओं की हसरत ....




इल्‍जाम दिये हैं अपनों ने कुछ इस तरह,

उपहार दिये जाते हैं हंस के जिस तरह ।

दुआओं की हसरत नहीं थी कभी भी मुझे,

सोचा न था मिलेंगी बद् दुआयें इस तरह ।

गुरुवार, 17 जून 2010

26 वर्षों के बाद भी इंसाफ नहीं ....

दुनिया की भीषण गैस त्रासदी का दंभ भोपाल गैस कांड हादसा आज भी रोंगटे खड़ा कर जाता है, इसके दुष्‍परिणाम को आज भी अनगिनत लोग झेल रहे हैं, उन पर विकृत बच्‍चों का जन्‍म मां की आंखों में गाहे-बगाहे आंसुओं का सैलाब ले आता है, उस घड़ी को याद कर, लेकिन हमारे यहां की कानून व्‍यवस्‍था 26 वर्षों के बाद भी इन पीडि़तों को इंसाफ नहीं दिला सकी, इस हादसे में कितनी लापरवाही बरती गई इसको बयान करने चले तो कोई पाक दामन नहीं रह पाएगा, कानून का इतना ढुलमुल रवैया लोगों को इतना आक्रोषित नहीं करता यदि इन पीडि़तों के साथ इंसाफ हुआ होता, मुआवजे की राशि का लाभ पीडि़तों को कम और दूसरों का ज्‍यादा मिला, पीडि़तों को मिली उखड़ती सांसे, घुटनों के बल घिसटती जिंदगी, अपनों से बिछड़ने की सजा, आंखों में छाता दिन ब दिन अंधकार, फिर भी मन के किसी कोने में आशा की एक किरण थी कि इसके आरोपियों को सरकार सजा दिला कर रहेगी, यूनियन कार्बाइड कंपनी के सीईओ एंडरसन और अन्‍य आरोपियों को इतनी आसानी से छोड़ना न्‍यायसंगत नहीं है, यह सिर्फ भोपाल वालों की ही आवाज नहीं हर हिन्‍दुस्‍तानी की आवाज है, पीडि़तों को न्‍याय मिलना चाहिये।

गुरुवार, 10 जून 2010

किसी का गिला ...





किसी का गिला किसी से किया,

दिल का बोझ अपने हलका किया ।

भर गया सब्र से प्‍याला आंखों का,

उन्‍हें चंद अश्‍कों से छलका दिया ।

मंगलवार, 1 जून 2010

अनुपम हिस्‍सा ....


मां की मुस्‍कान

पिता का गुस्‍सा

दोनो जीवन का है

अनुपम हिस्‍सा

वादे पिता के

सपने मां के

दोनो मिलकर

जीवन को

देते हैं आकार ।